
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार एवं मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक के नेतृत्व में स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा 21 जुलाई 2026 को वाराणसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों के मध्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें “स्वच्छता से स्वागत” बैज पहनाकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान जागरूकता रैली, जन-जागरूकता संदेश, उद्घोषणा एवं विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। यात्रियों एवं आमजन से स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाने तथा कूड़े-कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की गई। साथ ही, गीले एवं सूखे कचरे के लिए हरे एवं नीले डस्टबिन के सही उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।

अभियान में रेलवे कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश देते हुए वाराणसी मंडल को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं यात्री-अनुकूल बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।