
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण तथा कार्यस्थल सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के बनारस, छपरा एवं मऊ कोचिंग डिपो को एक साथ आईएसओ 9001:2015 (गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली), आईएसओ 14001:2015 (पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली) तथा आइएसओ 45001:2018 (व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली) के अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र प्राप्त हुए हैं।
यह उपलब्धि वाराणसी मंडल में उच्च गुणवत्ता आधारित अनुरक्षण प्रणाली, सुरक्षित कार्य संस्कृति तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर किए जा रहे प्रयासों का प्रतिफल है। तीनों कोचिंग डिपो में रेल कोचों के अनुरक्षण, मरम्मत एवं रखरखाव कार्य भारतीय रेल तथा अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित किए जा रहे हैं। प्रत्येक कोच का समयबद्ध निरीक्षण, गुणवत्ता परीक्षण तथा अनुरक्षण सुनिश्चित कर ट्रेनों को सुरक्षित एवं समयबद्ध परिचालन के लिए तैयार किया जाता है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सके।
आईएसओ 9001:2015 के अंतर्गत अनुरक्षण कार्यों की वैज्ञानिक योजना, गुणवत्ता नियंत्रण, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण तथा सतत सुधार की प्रभावी व्यवस्था विकसित की गई है। वहीं आइएसओ 14001:2015 के अनुरूप जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ परिसर तथा व्यापक पौधारोपण जैसे पर्यावरणीय उपाय प्रभावी रूप से लागू किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आइएसओ 45001: 2018 के तहत सुरक्षित कार्यस्थल, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण, दुर्घटना रोकथाम, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।
इन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्य प्रणाली विकसित करने के लिए तीनों कोचिंग डिपो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुणवत्ता, पर्यावरण तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान करेक्ट सर्टिफिकेशन, महमूरगंज, वाराणसी द्वारा गैप एनालिसिस, प्रशिक्षण एवं स्वतंत्र सर्टिफिकेशन ऑडिट संपन्न किया गया, जिसमें तीनों कोचिंग डिपो सभी निर्धारित मानकों पर सफल पाए गए।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने कार्यालय में आयोजित समारोह में तीनों कोचिंग डिपो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि — “यह उपलब्धि वाराणसी मंडल के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की टीम भावना, कार्यकुशलता तथा उत्कृष्ट सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। गुणवत्ता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं और वाराणसी मंडल इन्हीं मूल्यों के अनुरूप यात्रियों को विश्वस्तरीय सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।”
उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन, सतत सुधार तथा वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य संस्कृति को आगे बढ़ाने की नई जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिनव पाठक, मंडल यांत्रिक इंजीनियर विनीत रंजन, कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर प्रसाद, सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर ओजस श्रीवास्तव सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।