
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार 17 जुलाई को बीबीएयू एवं रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती के संयुक्त तत्वावधान में बीबीएयू में स्थित सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास के परिसर में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम संयोजक प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती के अध्यक्ष रोटेरियन पूर्वी मित्तल, सचिव रोटेरियन विनोद सिंह एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन इला गंभीर मुख्य रूप से मौजूद रहीं। इस कार्यक्रम में नेशनल कैडेट कोर की 20 यूपी गर्ल्स बटालियन, 67 यूपी बटालियन का विशेष सहयोग रहा।
इस दौरान कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, छात्रावासों की वार्डनों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों, रोटरी क्लब के सदस्यों एवं छात्राओं ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। साथ ही सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के निर्माण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने चर्चा के दौरान कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रो. मित्तल ने बताया कि बीबीएयू सतत विकास, हरित परिसर और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसीलिए हम सभी का कर्तव्य है कि वे वृक्षारोपण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा के साथ निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी वनस्पति उद्यान डॉ. रवि शंकर वर्मा, रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती के सदस्य श्री सुमित मित्तल, श्री आलोक शुक्ला, श्रीमती रीता अहूजा, श्री अतुल कपूरिया, विभिन्न शिक्षक, छात्रावासों की वार्डन, गैर शिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।