बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 8,500 पौधों के साथ ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का भव्य आयोजन

अशोक सिंह यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में रविवार 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश सरकार, वन विभाग उत्तर प्रदेश, मिशन लाइफस्टाइल फॉर इनोवेशन एवं बीबीएयू के संयुक्त तत्वावधान में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ 2026’ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री, भारत सरकार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, बीबीएयू कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, लखनऊ के मंडल वन अधिकारी शितांशु पाण्डेय उपस्थित रहे।

पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री, भारत सरकार ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रत्येक व्यक्ति की मूल आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पिछले कई वर्षों से सरकार पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जो आज एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’, ‘स्वच्छता अभियान’ सहित अनेक जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभूतपूर्व लक्ष्य हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी का ऐसा संकल्प है जो आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने, हरित आवरण बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने सभी को इस अभियान में हिस्सा लेने हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बीबीएयू का ग्रीन कैंपस और यहां की समृद्ध जैव विविधता इसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभूतपूर्व लक्ष्य हासिल किया गया है। यह केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी का ऐसा संकल्प है, जो आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की आधारशिला है। कुलपति जी ने बताया कि बीबीएयू में पीएचडी में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक शोधार्थी के लिए एक पौधा लगाना अनिवार्य है तथा शोध प्रबंध जमा करते समय उस पौधे के साथ जियो-टैग फोटो भी प्रस्तुत करनी होती है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण सुरक्षा को जनभागीदारी का अभियान बनाकर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बीबीएयू द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित ‘समरस वन’ में अतिथियों, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।

इस अवसर पर लगभग 8,500 पौधे लगाए गए, जिनमें आम, नीम, मौसमी, अमरूद, जामुन, सहजन सहित विभिन्न फलदार एवं फूलदार प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। यह पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदर्शित फोटो गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने गैलरी में प्रदर्शित पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं वन विभाग की विभिन्न गतिविधियों से संबंधित चित्रों की सराहना भी की। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा स्कूली बच्चों एवं उनके अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम एवं सहजन के पौधों का वितरण किया गया।   

 इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अवध वन प्रभाग द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा मनमोहक गणेश वंदना की नृत्य प्रस्तुति भी दी गई । पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट्स एवं डॉ. रवि शंकर वर्मा, प्रभारी, वनस्पति उद्यान ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, अभिभावकगण एवं विभिन्न विद्यालयों और बीबीएयू के विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button