
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू मंडल में माल यातायात एवं गुड्स लोडिंग को और अधिक सुगम एवं यात्री केंद्रित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार 12 जून को
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, जम्मू आरिश बंसल द्वारा अनंतनाग गुड्स शेड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गुड्स शेड में माल लोडिंग- अनलोडिंग की प्रक्रिया, प्लेटफॉर्म की स्थिति, सुरक्षा मानकों एवं यार्ड की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने गुड्स संचालन में आ रही समस्याओं को मौके पर ही समझा और रेलवे की नई नीतियों के अनुसार त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों ने अनंतनाग के गुड्स कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में माल ढुलाई से संबंधित नई योजनाओं, पारदर्शी बुकिंग प्रक्रिया, रेक पॉइंट की उपलब्धता एवं गुड्स किराया में पारदर्शिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि “रेलवे का उद्देश्य व्यापारियों को ‘गति शक्ति कार्गो’ के तहत तेज, सुरक्षित एवं किफायती माल सेवा देना है। अनंतनाग क्षेत्र सेब एवं अन्य कृषि उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण है। हम यहां गुड्स संचालन को और सरल बनाएंगे, ताकि कश्मीर के उत्पाद देशभर के बाजारों तक कम समय में पहुंच सकें। स्थानीय व्यापारियों के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। गुड्स ट्रेनों की समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे और व्यापार संगठन मिलकर काम करेंगे तो क्षेत्र का आर्थिक विकास निश्चित रूप से बढ़ेगा।”
