
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / वाराणसी जंक्शन : 31 मई 2026 को बनारस ( पूर्वोत्तर रेलवे ) से खजुराहो के लिए प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 26506 वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 05:15 बजे बनारस स्टेशन से रवाना हुई। रन-थ्रू सिग्नल प्राप्त होने के बावजूद यात्रा के दौरान गाड़ी के पिछले पैंटोग्राफ में तकनीकी गड़बड़ी उत्पन्न होने के कारण इसे एहतियातन 05:28 बजे वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर रोका गया।
उल्लेखनीय है कि वाराणसी जंक्शन पर इस गाड़ी का निर्धारित ठहराव स्टेशन नहीं है, तथापि यात्री सुरक्षा एवं रेल संचालन संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक सावधानी बरती गई और गाड़ी को सुरक्षित रूप से रोका गया।सूचना प्राप्त होते ही उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल सक्रिय हो गए तथा तकनीकी समस्या के समाधान हेतु युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ किया गया।
मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, बृजेश कुमार यादव, स्टेशन निदेशक वाराणसी अर्पित गुप्ता, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय तथा सहायक विद्युत अभियंता कार्तिकेय सिंह तत्काल पहुंचे और मरम्मत कार्य की सतत निगरानी करते रहे।गाड़ी के प्राथमिक अनुरक्षण की जिम्मेदारी बनारस (पूर्वोत्तर रेलवे) के पास होने के कारण वहां के यांत्रिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी तत्काल वाराणसी जंक्शन पहुंच गए।
दोनों रेलवे जोनों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट समन्वय से तकनीकी समस्या के समाधान हेतु सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए गए।मरम्मत कार्य के दौरान आवश्यक पावर ब्लॉक लेकर गाड़ी के अग्रिम पैंटोग्राफ की भी विस्तृत एवं एहतियातन जांच की गई। सभी सुरक्षा मानकों की पूर्ण पुष्टि एवं संरक्षा सुनिश्चित होने के उपरांत गाड़ी को प्रातः 09:35 बजे 4 घंटे 07 मिनट की देरी से सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
विशेष उल्लेखनीय है कि मरम्मत कार्य के दौरान रेल यातायात को न्यूनतम प्रभावित रखने के लिए प्रभावी परिचालन प्रबंधन किया गया। पावर ब्लॉक के समय बनारस से वाराणसी जंक्शन आने वाली लाइन संख्या 1, 2 एवं 4 पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा। प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 के कॉमन प्लेटफॉर्म होने के कारण प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर आने वाली गाड़ियों संख्या 15104, 14006, 15125, 20933, 17323 तथा 22178 का संचालन प्लेटफॉर्म संख्या 2 की ओर से सुरक्षित एवं सुचारु रूप से कराया गया। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस का वातानुकूलित सिस्टम पूरे समय निर्बाध रूप से कार्यरत रखा गया।
साथ ही यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए गाड़ी के स्वचालित दरवाजे खुले रखे गए।यात्रियों की सुविधा एवं संतुष्टि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए। यह गाड़ी 8-कोच की है आज इसमें कुल 168यात्री यात्रा कर रहे थे जिनमे से 102 यात्रियों ने टिकट आरक्षण के समय भोजन का विकल्प चुना था, उन्हें निर्धारित समयानुसार प्रातःकालीन नाश्ता उपलब्ध कराया गया।
इसके अतिरिक्त भोजन विकल्प न चुनने वाले शेष 66 यात्रियों को भी निःशुल्क जलपान एवं पेयजल की सुविधा प्रदान की गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान वाणिज्य विभाग, रेल सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी प्लेटफॉर्म पर निरंतर उपस्थित रहकर यात्रियों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करते रहे।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा प्रदर्शित त्वरित निर्णय क्षमता, विभिन्न विभागों के मध्य उत्कृष्ट समन्वय, प्रभावी संकट प्रबंधन तथा यात्री-केंद्रित कार्यशैली के परिणामस्वरूप तकनीकी चुनौती का सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक समाधान किया गया। इस घटना की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर आवश्यकतानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।