
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सी.एम.सी.एल.डी.पी. सभागार में आज प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि शिक्षकों एवं शोधार्थियों द्वारा “ॐ” के उच्चारण, सरस्वती वंदना एवं कुलगीत के सामूहिक गायन से हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत नितिन कुमार ने भगवद्गीता के श्लोक एवं उनके भावार्थ प्रस्तुत किए। जय किशोर मिश्रा ने वीर सावरकर के जीवन प्रसंगों पर प्रेरक विचार व्यक्त किए। श्रद्धा सिंह ने हेल्थ इन द डिजिटल एज विषय पर अपने विचार रखते हुए वर्तमान समय में डिजिटल जीवनशैली के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों एवं सावधानियों की जानकारी दी। गायत्री देवी द्वारा कविता पाठ प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात प्रो० साधना चौरसिया, उप कुल सचिव अकादमी द्वारा मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सभी प्रतिभागियों ने प्रेरणा गीत के माध्यम से वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाया। आयुर्वेद विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार श्रीवास्तव ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर केंद्रित विचार व्यक्त किए।
प्रार्थना सभा के दौरान कुलसचिव प्रो आञ्जनेय पांडेय द्वारा विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भजन “रघुपति राघव राजा राम” एवं समापन घोषणा के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती चंदा शर्मा ने किया। इस मौके पर संगीत इकाई सहित ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ विवेक फड़नीस ने किया।