
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारतीय सेना की ओर से, आर्मी ट्रेनिंग कमान (ARTRAC) के तत्वावधान में, सेना चिकित्सा कोर (एएमसी) केंद्र एवं कॉलेज लखनऊ ने 29 मई 2026 को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) लखनऊ के साथ एक सहमति पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह पेशेवर प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और ज्ञान साझा करने के लिए ‘पूरे राष्ट्र के दृष्टिकोण’ (Whole of Nation Approach) को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सेना चिकित्सा कोर, केंद्र एवं कॉलेज लखनऊ के कमांडेंट, लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह ने दो प्रमुख संस्थानों के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी के औपचारिक रूप लेने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेषज्ञता के आपसी आदान-प्रदान पर प्रकाश डाला, जिसने पिछले कुछ वर्षों में दोनों संगठनों को समृद्ध किया है। KGMU की कुलपति, प्रो. सोनिया नित्यानंद ने अपनी शैक्षणिक और पेशेवर उत्कृष्टता के माध्यम से भारतीय सेना का समर्थन करने के प्रति KGMU की प्रतिबद्धता को दोहराया। इसका उद्देश्य प्रशिक्षुओं का समग्र विकास सुनिश्चित करना और सैन्य तथा नागरिक चिकित्सा संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल को बढ़ावा देना है।