
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक द्वारा शनिवार, 16 मई 2026 को रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जबलपुर मंडल के विभिन्न रेलखंडों, गढ़ा गुड्स शेड एवं रेलवे स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक ने विशेष निरीक्षण यान ‘परख’ से जबलपुर-गढ़ा-कछपुरा-भेड़ाघाट-भिटौनी रेलखंड के मध्य संपूर्ण रूट की तकनीकी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।

माल यातायात की समीक्षा (गढ़ा व कछपुरा) :
महाप्रबंधक का निरीक्षण यान सर्वप्रथम जबलपुर स्टेशन से रवाना होकर गढ़ा गुड्स शेड पहुंचा। वहां उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं माल यातायात से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात कछपुरा मालगोदाम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को परिचालन में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा :
कछपुरा-भेड़ाघाट-भिटौनी रेलखंड के बीच महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली और ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया, ताकि ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रहे।
संरक्षा मानकों का पालन (भिटौनी) :
भिटौनी रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं की समीक्षा की और स्टेशन पर रेलवे द्वारा निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
अधोसंरचनात्मक कार्यों की समयसीमा (मदनमहल :
भिटौनी से लौटते समय महाप्रबंधक मदनमहल रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने चल रहे बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और काम के दौरान यात्रियों की सुविधाओं में कोई व्यवधान न आए।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान बताया कि “यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों का समयपालन (Punctuality) हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। चालू विकास परियोजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए और इनके साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।”

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण (CAO/C), प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (PCCM), मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर (DRM/JBP) सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।