
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा सीडीओ/ऐशबाग प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में ऐशबाग स्थित रेलवे पॉलीक्लिनिक परिसर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, बचाव एवं त्वरित कार्रवाई के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों एवं उनके उपयोग की विधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर मंडल चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी ने आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ एवं प्रशिक्षण के आधार पर त्वरित कार्रवाई करना अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षित रेलवे कर्मियों द्वारा अग्निशामक यंत्रों के प्रयोग का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित कर्मचारियों ने गंभीरता एवं उत्साह के साथ देखा और सीखा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना पाटनी, डेंटल सर्जन डॉ. रुचिका एवं समस्त चिकित्सकीय कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।