
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे, राजेश कुमार पांडे द्वारा सोमवार लखनऊ से आलमनगर स्टेशन के मध्य विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा संरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने ट्रैक अनुरक्षण, स्टेशन परिसरों की स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए एवं निरीक्षण उपरांत महाप्रबंधक ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत आलमनगर से बरेली तक के निरीक्षण हेतु प्रस्थान किया।
इसी क्रम में, मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ मंडल, सुनील कुमार वर्मा द्वारा आलमनगर स्थित गुड्स साइडिंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साइडिंग में उपलब्ध आधारभूत संरचना, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था तथा संरक्षा उपायों की गहन समीक्षा की गई।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइडिंग से संबंधित सभी कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं दक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ, शूरवीर सिंह चौहान सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।