महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे द्वारा लखनऊ मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा, भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, : सोमवार 16 मार्च, 2026 को महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे राजेश कुमार पांडे ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लखनऊ मंडल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों द्वारा मंडल में संचालित प्रमुख परियोजनाओं तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

बैठक के दौरान रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे स्टेशन पुनर्विकास एवं अन्य अवसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में विशेष रूप से लखनऊ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन तथा होल्डिंग एरिया (Holding Area) की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। भविष्य में यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए होल्डिंग एरिया के निर्माण के संबंध में महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने कहा कि लखनऊ मंडल में चल रहे विभिन्न अवसंरचनात्मक विकास कार्य भारतीय रेल की आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा स्टेशन परिसरों का स्वरूप भी अधिक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनेगा।इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक ने लखनऊ रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय (Parcel Office) का निरीक्षण कर पार्सल प्रबंधन एवं कार्य प्रणाली की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्सल संचालन को और अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जाए, जिससे ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।

महाप्रबंधक ने इस दौरान लखनऊ रेलवे स्टेशन के आरक्षण कार्यालय (Reservation Office) का भी निरीक्षण किया तथा वहां यात्रियों को प्रदान की जा रही टिकट आरक्षण सुविधाओं, काउंटर व्यवस्था एवं यात्री सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम आरक्षण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button