
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में स्पोर्ट्स इवेंट 2025–26 के समापन समारोह का शुभारंभ हो चुका है। यह समापन सत्र शुक्रवार 6 – 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के निर्देशन तथा खेल अनुभाग के निदेशक प्रो. के. एल. महावर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
खेल अनुभाग के सहायक निदेशक डॉ. (लेफ्ट.) मनोज कुमार डडवाल से मिली जानकारी के अनुसार इस समापन समारोह के तहत पहले तीन दिनों तक इंडोर खेल प्रतियोगिताओं तथा बैडमिंटन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर दौड़, शॉट पुट, रिले दौड़, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप तथा रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दिनांक 13 मार्च को पुरस्कृत किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि इस स्पोर्ट्स इवेंट – 2025-26 की शुरुआत नवंबर 2025 के पहले सप्ताह में की गयी थी। इसके अतिरिक्त डॉ. डडवाल ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है क्योंकि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे के साथ मिलकर कार्य करने और सकारात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित इस खेल समापन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता की अपेक्षा की जा रही है, जिससे परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है।