
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2018 में शामिल अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार लखनऊ स्थित राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश कार्यालय में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा से मुलाक़ात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने उनसे मांग करते हुए कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ की संस्तुति के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी में माना जाये और 68,500 शिक्षकों की भर्ती परीक्षा के उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देते हुए पूर्णांक 150 में 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित करा कर नई सूची जारी करें।अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट भी सौंपी।इस आरक्षित भर्ती का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 के संबंध में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान किए जाने एवं सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुति की गई है। जिसमें ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिव्यांग / भूतपूर्व सैनिक स्वंय / स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों आदि को भी लाभ मिलेगा। अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल अनुपम मिश्रा ने ज्ञापन लेने बाद 68500 शिक्षक भर्ती के प्रकरण पर एक प्रतिनिधि मंडल की वार्ता एवं मुलाक़ात केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री भारत सरकार जयंत चौधरी से जल्द कराने को कहा है, और इस प्रकरण पर सकारात्मक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन भी दिया है।कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय लोक दल किसी भी आरक्षित वर्ग के साथ आरक्षण के मामले पर कोई भेद भाव नहीं होने देगी।और इस मामले पर जल्द ही केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश सरकार से इस मामले पर वार्ता करेंगे।ज्ञापन देने वालो में इस भर्ती का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफ़ान सिंह, आशुतोष वर्मा, अखिल यादव और नवीन चौधरी शामिल रहे।




