गोंडा की 48 महिला रेलकर्मियों ने किया श्रावस्ती का दीदार; पूर्वोत्तर रेलवे ने आयोजित किया विशेष भ्रमण शिविर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा गोंडा परिक्षेत्र में कार्यरत महिला रेल कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय ‘श्रावस्ती भ्रमण शिविर’ का शानदार आयोजन किया गया. मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस विशेष शिविर में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ (Staff Benefit Fund) के अंतर्गत 48 महिला रेलकर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की.

इस यात्रा के दौरान महिला रेल कर्मचारियों ने बौद्ध एवं जैन धर्म के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल श्रावस्ती धाम पहुँचकर जेतवन, सहेट-महेट, महा अंगुलिमाल स्तूप, कच्ची कुटी, ओरझर थाई टेम्पल, कोरियन टेम्पल तथा दिगम्बर जैन शंभुनाथ मंदिर का विधिक भ्रमण किया. यात्रा के दौरान सभी के लिए खानपान की उत्तम व्यवस्था की गई तथा अंत में उपहार भी वितरित किए गए.

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस कल्याणकारी शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों को दैनिक कार्य की व्यस्तता से राहत देना, टीम भावना को बढ़ावा देना और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना है. जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव के अनुसार, सभी महिला रेलकर्मियों ने इस सुखद एवं यादगार यात्रा के लिए मंडल प्रशासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया.

Related Articles

Back to top button