
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू मंडल में यात्रियों को बेहतर और समय पर यात्रा सुविधा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 8 जून से 15 दिवसीय विशेष ‘समयपालन अभियान’ शुरू किया गया है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालन में सुधार करना और यात्रियों की असुविधा को न्यूनतम करना है।
हाल के समय में तकनीकी एवं परिचालन कारणों से कुछ ट्रेनों के विलंब की शिकायतें मिल रही थीं। यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह विशेष अभियान तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
*यात्रियों को मिलने वाले सीधे लाभ पर बात करते हुए, मुख्य बिंदुओं पर ध्यान दिया गया हैं। जो इस प्रकार हैं,
कम इंतजार: ट्रेनों में तकनीकी खराबी होने पर तुरंत सुधार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर कम समय रुकना पड़ेगा।
समय पर गंतव्य: सभी विभागों में बेहतर समन्वय से ट्रेनें निर्धारित समय के करीब चलेंगी और यात्री अपने काम/घर समय पर पहुंच सकेंगे।
तेज गति: जहां संभव होगा, ट्रेनों को पूरी गति से चलाकर पहले हुए विलंब की भरपाई की जाएगी।
24×7 निगरानी: प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारी और पर्यवेक्षक लगातार मौजूद रहेंगे ताकि ट्रेनें सही समय पर चलें और यात्रियों की मदद तुरंत उपलब्ध हो।
पारदर्शिता: हर सप्ताह प्रदर्शन की समीक्षा कर यात्रियों को बेहतर सेवा देने के नए उपाय लागू किए जाएंगे।
इस अभियान के अंत में यात्रियों को हुई सुविधा और सुधार के परिणामों की पूरी रिपोर्ट साझा की जाएगी।
यात्रियों से अपील है कि वे सहयोग करें और किसी भी आपातकाल के बिना ट्रेन की चेन न खींचें।