
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने गुरुवार मंडल के भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले जून-2026 माह के चयनित 11 रेलकर्मियों को ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जैन ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय, टीम भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं, जिससे रेलवे की कार्यप्रणाली एवं सकारात्मक छवि और अधिक सुदृढ़ हुई है।

उन्होंने संभावित दुर्घटनाओं को टालने तथा रेल संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं दायित्वबोध अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक परिस्थिति में सजगता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि वाराणसी मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी भविष्य में भी टीम भावना एवं समर्पण के साथ भारतीय रेल के उच्च संरक्षा एवं सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव, मंडल वित्त प्रबंधक एन.एन. पाण्डेय सहित मंडल के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित होने वाले रेलकर्मियों में रवि रंजन पटेल (वरिष्ठ लेखाकार, वाराणसी), प्रवीण कुमार राय (उप मुख्य टिकट निरीक्षक, गोरखपुर पूर्व), रास बिहारी पाण्डेय (यातायात निरीक्षक, मंडल कार्यालय, वाराणसी), संदीप कुमार (जूनियर इंजीनियर/पी.वे., सेंट्रल सीवान), राजेश कुमार (की-मैन, रतनसराय), उदय कुमार (गेटमैन, समपार संख्या-94सी, सीवान), उमेश कुमार दास (मीटर रीडर, सीवान), शम्भू शरण कुमार (स्टेशन मास्टर, भाटपाररानी), मनोज कुमार (कांटावाल, सैदपुर भीतरी), शशांक शर्मा (संरक्षा सलाहकार, मंडल कार्यालय, वाराणसी) तथा मनोज कुमार (कांस्टेबल, कप्तानगंज) शामिल रहे।
