
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय स्थित गंगोत्री सभागार में रेल कर्मचारियों की सहभागिता (PREM) बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिचालन एवं रनिंग कर्मचारियों के हितों, कार्य संबंधी समस्याओं तथा रेलकर्मियों को उपलब्ध चिकित्सा और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने यूनियन पदाधिकारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कर्मचारियों के कल्याण, समस्याओं के समाधान और कार्य परिस्थितियों में सुधार से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक का उद्देश्य रेल कर्मचारियों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी पहल करना रहा। इसमें परिचालन एवं रनिंग कर्मचारियों की कार्य संबंधी आवश्यकताओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बादशाहनगर, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर), अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), सभी शाखाधिकारी, यूनियन पदाधिकारी और रेलकर्मी उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच इस तरह की बैठकें कर्मचारियों की समस्याओं को सामने लाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा बेहतर कार्य वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
