शिक्षक भर्ती आरक्षण विसंगति: भूख हड़ताल के तीसरे दिन दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के समाधान की मांग को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल के तीसरे दिन दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस प्रशासन ने एंबुलेंस बुलाकर चित्रकूट निवासी दीपक पटेल और बरेली निवासी नसीम फरीदी को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों की जांच की। फिलहाल उनकी तबीयत में सुधार बताया गया है। उन्हें रातभर चिकित्सकीय निगरानी में रखने की जानकारी दी गई है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले 59 दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण 26 अक्टूबर 2026 से भूख हड़ताल शुरू की गई है।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण से जुड़ी विसंगति दूर कर परिणाम संशोधित किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। उनका कहना है कि इस मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

तूफान सिंह के मुताबिक, हाल ही में बेसिक शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रकरण पर चर्चा हुई थी। बैठक में समाधान के लिए कैबिनेट स्तर पर विचार और मुख्यमंत्री की मंजूरी की आवश्यकता बताई गई थी। हालांकि, अभ्यर्थियों का कहना है कि अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

आंदोलन की महिला मोर्चा प्रमुख रंजना जायसवाल ने कहा कि लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। लगातार धरना और भूख हड़ताल से उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने स्पष्ट किया कि मांगों पर न्यायसंगत निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों ने नवरात्रि और दशहरा धरना स्थल पर ही मनाया है। अब वे चाहते हैं कि सरकार जल्द निर्णय लेकर उन्हें दीपावली परिवार के साथ मनाने का अवसर दे। करवा चौथ पर विवाहित अभ्यर्थी वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

भूख हड़ताल पर बैठे दीपक पटेल और नसीम फरीदी ने सरकार से मामले का शीघ्र समाधान कर वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button