
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / काशी स्टेशन : शुक्रवार 12 जून 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा द्वारा काशी स्टेशन एवं काशी–व्यासनगर रेलखंड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने काशी स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य समय पर तथा अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने काशी एवं व्यासनगर के बीच स्थित सभी अंडरपासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अंडरपासों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने काशी स्टेशन पर निर्माणाधीन एयर कॉनकोर्स परियोजना से संबंधित कार्यों और नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) व्यवस्था की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। काशी स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स के फाउंडेशन निर्माण कार्य के लिए काशी स्टेशन की लाइन संख्या 3 एवं 4 को 06 जून 2026 से 13 सितम्बर 2026 तक कुल 100 दिनों के लिए यातायात ब्लॉक प्रदान किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माण कार्यों को सुरक्षित तरीके से और निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया तथा काशी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों, एयर कॉनकोर्स परियोजना एवं यात्री सुविधाओं के उन्नयन से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी, बृजेश कुमार यादव, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव सहित गति शक्ति के वरिष्ठ अधिकारी एवं मण्डल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।