
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सतर्कता सेमिनार आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता तथा जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। सेमिनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित सभी शाखाधिकारी और रेलकर्मी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि सतर्कता का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार की रोकथाम तक सीमित नहीं है, बल्कि रेलवे की कार्यप्रणाली में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप निविदा और संविदा संबंधी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करना चाहिए।
उन्होंने रेलकर्मियों से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थागत कार्यों में सत्यनिष्ठा बनाए रखना और नियमों के अनुरूप निर्णय लेना सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ करना चाहिए। उन्होंने निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक रेलकर्मी को अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि रेलवे की सेवाओं में जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।

कार्यक्रम में रेलवे कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। रेल प्रशासन ने बताया कि रेलवे में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।
सेमिनार के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
