
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत यातायात चालानों से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार, 28 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस विशेष लोक अदालत में प्रदेशभर में कुल 25,389 वादों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही समझौते के माध्यम से 1 करोड़ 53 हजार 516 रुपये की धनराशि भी वसूल की गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की सदस्य सचिव डॉ. मनु कालिया ने बताया कि यह आयोजन इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के निर्देशन तथा वरिष्ठ न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
डॉ. मनु कालिया ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों से प्राप्त सूचना के अनुसार शाम 7:30 बजे तक विशेष लोक अदालत में कुल 25,389 मामलों का निस्तारण किया जा चुका था। इनमें 273 प्री-लिटिगेशन वाद तथा विभिन्न न्यायालयों में लंबित 25,116 वाद शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन मामलों के निस्तारण के दौरान कुल 1,00,53,516 रुपये की समझौता धनराशि प्राप्त हुई। विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित यातायात चालानों का शीघ्र और सरल तरीके से निस्तारण कर आम नागरिकों को राहत प्रदान करना था।
इस आयोजन से जहां हजारों वाहन चालकों को अपने लंबित चालान संबंधी मामलों के निस्तारण का अवसर मिला, वहीं न्यायालयों में लंबित मुकदमों का बोझ कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई।
