
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : आर्मी मेडिकल कोर (AMC) सेंटर एवं कॉलेज के ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (OTC) में शनिवार को मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (MOBC)-259 की भव्य पाठ्यक्रम समाप्ति परेड आयोजित की गई [19-09-2026]। सात सप्ताह तक चले इस गहन युद्धकालीन चिकित्सा सहायता प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में 33 महिला अधिकारियों सहित कुल 121 सैन्य डॉक्टरों ने हिस्सा लिया।

मेजर जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में संचालित इस कोर्स में युवा चिकित्सा व दंत चिकित्सा अधिकारियों को एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (ATLS) और आधुनिक युद्ध तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इस शानदार परेड की समीक्षा एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल जे देबनाथ ने की। उन्होंने युवा अफसरों को सैनिकों के लिए उत्कृष्ट चिकित्सा देखभाल के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कैप्टन सौरभ सिंह यादव को पाठ्यक्रम का ‘सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी’ चुने जाने पर ‘कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी’ प्रदान की गई। वहीं, कैप्टन आकाश जी को फील्ड स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ‘मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी’ से सम्मानित किया गया।

इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए देश भर से आए 200 से अधिक गौरवान्वित माता-पिता और सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।