विश्व थैलेसीमिया दिवस : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उ0प्र0 के मुख्यालय में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एन00एच0एम0 उत्तर प्रदेश परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता तथा आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का आयोजन राजकीय रक्त केंद्र, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के सहयोग से संपन्न हुआ।

डा0 सूर्यांशु ओझा, महाप्रबंधक/प्रभारी, स्टेट ब्लड सेल ने शिविर में बताया, ‘‘रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बन सकता है और आवश्यकता के समय रक्त तब ही उपलब्ध हो पायेगा जब हम और आप बढ़-चढ़ कर रक्तदान करेंगे।’’ आज के रक्तदान शिविर में 71 युनिट ब्लड एकत्र किया गया। शिविर में रक्तदान करने वाले मातृ स्वास्थ्य अनुभाग के परामर्शदाता श्री प्रभाकर तिवारी ने आज 46 वीं बार रक्तदान किया वहीं उर्पाजन अनुभाग के परामर्शदाता अरूणेश तिवारी ने दुर्लभ रक्त समूह ‘ओ निगेटिव’ ग्रुप का रक्त पहली बार दान किया साथ ही रक्तदान शिविर में रक्त समूह ए निगेटिव की 01, बी निगेटिव की 02 एवं एबी पॉजीटिव ग्रुप की 05 यूनिट रक्त भी एकत्रित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि थैलेसीमिया एक गंभीर आनुवांशिक रक्त रोग है, जिसके मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान उनके लिए जीवनदायी साबित होता है। रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों की सहायता करता है, बल्कि समाज में मानवता एवं सेवा भावना को भी सुदृढ़ करता है।

रक्तदान शिविर में महाप्रबंधक, मुख्यालय डॉ0 लक्ष्मण सिंह द्वारा सभी कर्मचारियों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि “रक्त का नहीं कोई विकल्प-रक्तदान का लें संकल्प ” तथा एक यूनिट रक्त चार जरूरतमंद व्यक्तियों को नया जीवन दे सकता है।

Related Articles

Back to top button