
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने शनिवार 09 मई 2026 को जबलपुर से कटनी रेलखंड का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा, ट्रैक संरक्षा, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा यात्री एवं मालगाड़ी संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करना था।

महाप्रबंधक ने जबलपुर से कटनी तक यात्रा के दौरान रेल पथ, सिग्नल प्रणाली, संरक्षा उपकरणों तथा ट्रैक अनुरक्षण कार्यों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। कटनी पहुंचने पर उन्होंने डिपार्चर यार्ड, आरओएच डिपो, व्हील केयर यूनिट, टीआरएस शेड एवं डीजल शेड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक द्वारा रेलवे कर्मचारियों के लिए निर्मित टाइप-4 रेलवे क्वार्टर का उद्घाटन भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को संरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने कटंगी से न्यू मझगवां फाटक तक ग्रेड सेपरेटर कार्य का भी औचक निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वापसी यात्रा के दौरान महाप्रबंधक ने न्यू मझगवां फाटक से जबलपुर तक पुनः निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, संरक्षा मानकों तथा रेल संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा संरक्षा, अधोसंरचना विकास एवं बेहतर रेल संचालन सुनिश्चित करने हेतु निरंतर निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।