
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस -2026 के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर 15 मई 2026 से 05 जून 2026 तक पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार 26 मई, 2026 को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा आर.जे.चौधुरी की अध्यक्षता में पर्यावरण की शुद्धता के लिए मंडल चिकित्सालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम मुहिम को आगे बढ़ाते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आर आर सिंह, डॉ ए के सिंह, मंडल चिकित्साधिकारी डॉ ममता,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक मंडल चिकित्सालय , स्वास्थ्य निरीक्षक बनारस,सहायक नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा पौध रोपण किया गया।
इसी क्रम में बनारस रेलवे स्टेशन पर भी कर्मचारियों द्वारा पौधा रोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजित किया गया। इसके साथ ही वाराणसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर गौरैया और अन्य पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन सही जगहों पर बांटने/रखने के लिए एक खास कैंपेन चलाया गया और पर्यावरण विषय पर पोस्टर पेंटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और प्रोत्साहन हेतु विजेताओं को इनाम दिए गए। सफाई मित्रों को सफाई और पर्यावरण बचाने में उनके योगदान के लिए अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस दौरान यात्रियों को प्लास्टिक का उपयोग रोकने तथा बॉटल क्रशर मशीन और उसके इस्तेमाल के बारे में बताने के लिए स्टेशन पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। स्टेशनों पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर बैन लागू करने के लिए स्टेशनों पर वेंडिंग स्टॉल पर नज़र रखने और यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी के लिए स्पेशल ड्राइव चलाई गई।