
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विविध आयोजन किये गये । इसी क्रम में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वाराणसी मंडल के बनारस, प्रयागराज रामबाग एवं वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशनों से कुल तीन मेमू पैसेंजर गाड़ियों एवं एक मालगाड़ी का संचालन महिला रेल कर्मियों द्वारा किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के बनारस स्टेशन से झूंसी के लिए गाड़ी सं 65129 (बनारस-झूंसी-बनारस डेमू) ट्रेन को महिला वरिष्ठ सहायक लोको पायलट सुश्री श्रेया तिवारी द्वारा संचालित किया गया । वाराणसी सिटी से गाड़ी सं 65106(वाराणसी सिटी-गाजीपुर सिटी-वाराणसी डेमू) को महिला वरिष्ठ सहायक लोको पायलट श्रीमती सुष्मिता कुमारी द्वारा परिचालित किया गया। 65114(प्रयागराज रामबाग-बनारस डेमू) को सहायक लोको पायलट सुश्री नीतू बाला द्वारा तथा एम्प्टी कोचिंग रेक ECR को वाराणसी सिटी से महिला सहायक लोको पायलट श्रीमती अनिता कुमारी द्वारा संचालित किया गया।

वाराणसी मंडल के सभी संवर्गों में महिलायें कार्यरत हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं तथा रेलवे एवं देश के उत्थान में अपना योगदान दे रही हैं। इस रेलवे पर महिला कर्मचारी लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, कॉन्सटेबल/रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.), टी.टी.ई., सिगनल एवं दूर संचार अनुरक्षक तथा ट्रैक मेन्टेनर इत्यादि महत्वपूर्ण पदों पर अपना उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) द्वारा ट्रेनों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिये मेरी सहेली अभियान शुरू किया गया है। मेरी सहेली में महिला आर.पी.एफ. कर्मचारियों की एक टीम सम्मिलित है। मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर मेरी सहेली टीम का गठन किया गया है ! यह टीम अक्सर संकट में फंसी महिला यात्रियों की सहायता करती हैं, जिनमें गर्भवती माताएँ भी शामिल हैं जिन्हें ट्रेन यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा होती है। ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत, महिला आरपीएफ कर्मियों ने कई महिलाओं को ट्रेनों में सुरक्षित रूप से प्रसव में मदद की है।

इसके अतिरिक्त महत्वपूर्ण स्टेशनों पर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थायें महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों के कल्याण के लिये कार्य कर रही हैं। इस रेलवे पर बालिकायें स्काउट एवं गाइड तथा खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर रही हैं। मंडल के कार्यालयों में महिलाओं के लिय पृथक प्रसाधन एवं कॉमन रूम की व्यवस्था है।