वाराणसी स्टेशन पर दो महिला यात्रियों को मिला समय पर उपचार, रेल मदद से उत्तर रेलवे – लखनऊ मंडल की कार्रवाई

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / वाराणसी : शनिवार 01 अगस्त 2026 को रेल मदद पोर्टल के माध्यम से गाड़ी संख्या 13168, आगरा छावनी – कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस में यात्रा कर रही दो महिला यात्रियों की तबीयत खराब होने की सूचना वाराणसी स्टेशन पर प्राप्त हुई। पहली सूचना शाम 7:42 बजे मिली, जिसमें एस/1 कोच की बर्थ संख्या 66 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री (34 वर्षीय) के बेहोश होने एवं शरीर में अकड़न की जानकारी दी गई। इसके बाद रात 8:33 बजे एम/1 कोच की बर्थ संख्या 71 पर यात्रा कर रहीं दूसरी महिला (35 वर्षीय) के गर्दन और पैर में दर्द तथा हाथ-पैर कांपने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही रेलवे चिकित्सक, स्टेशन अधीक्षक (वाराणसी जंक्शन), आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्था के साथ वाराणसी स्टेशन पर मौजूद रही। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर चिकित्सक ने दोनों महिलाओं की जांच की और बेहतर उपचार के लिए उन्हें ट्रेन से उतारने की सलाह दी। परिजनों की सहमति के बाद दोनों यात्रियों को व्हीलचेयर से स्टेशन की डिस्पेंसरी तक लाया गया तथा एंबुलेंस से कबीरचौरा राजकीय अस्पताल, वाराणसी भेजा गया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।

उत्तर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के प्रति सदैव संवेदनशील है तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button