यात्रियों और स्थानीय लोगों को 24×7 मिलेंगे स्नैक्स व पेय पदार्थ

अशोक यादव, लखनऊ : यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन ‘लखन खजाना’ स्थापित की जा रही हैं। इसी क्रम में बंदरियाबाग स्थित ‘संस्कृति’ ऑफिसर्स क्लब परिसर में भी एक ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है।

इस मशीन के माध्यम से रेलवे कॉलोनी, ऑफिसर्स क्लब तथा आसपास के लोगों को स्नैक्स और पेय पदार्थ 24 घंटे, सातों दिन आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इससे लोगों को जरूरी खाद्य एवं पेय सामग्री के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें सुविधाजनक तरीके से सामान मिल सकेगा।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि ‘लखन खजाना’ मशीनों में एटीएम की तर्ज पर यूपीआई के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे भुगतान प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ ‘डिजिटल इंडिया’ की दिशा में लखनऊ मंडल का एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि ‘लखन खजाना’ नाम से संचालित इन ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनों का नामकरण मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अनुज श्री लक्ष्मण के प्रति लखनऊवासियों के स्नेह और सम्मान को प्रदर्शित करता है। मंडल की ओर से आने वाले समय में ऐसी सुविधाओं का विस्तार अन्य प्रमुख स्थानों पर भी किए जाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button