
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में 58 किलोमीटर लंबी चूरू–सादुलपुर दोहरीकरण परियोजना तथा 46 किलोमीटर लंबी चूरू–रतनगढ़ दोहरीकरण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया। कुल 104 किलोमीटर लंबाई की इन परियोजनाओं का निर्माण लगभग ₹ 892 करोड़ की लागत से किया गया है।
इन परियोजनाओं से रेल लाइन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे अधिक यात्री एवं मालगाड़ियों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे रेल यातायात का दबाव कम होगा, ट्रेनों की समयपालनता में सुधार आएगा, यात्रा समय घटेगा तथा रेल परिचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनेगा। साथ ही माल परिवहन की गति और दक्षता बढ़ने से व्यापार, कृषि, उद्योग तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इन परियोजनाओं से चूरू जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी तथा व्यापार, निवेश, रोजगार और समग्र क्षेत्रीय विकास के नए अवसर सृजित होंगे।