
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने बुधवार दिल्ली मंडल के केंद्रीय नियंत्रण कार्यालय (Central Control Office) का निरीक्षण कर रेल परिचालन की निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक/दिल्ली पुष्पेश रमण त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वी. सोमन्ना को केंद्रीय नियंत्रण कार्यालय के कामकाज तथा रेल सेवाओं की रीयल-टाइम निगरानी, समन्वय और विनियमन के लिए अपनाई जा रही विभिन्न प्रणालियों की जानकारी दी गई। केंद्रीय मंत्री ने चौबीसों घंटे रेल परिचालन में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत भी की।

वी. सोमन्ना ने नियंत्रण कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए वहां कार्यरत रेलकर्मियों की प्रतिबद्धता, सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना की प्रशंसा की। उन्होंने ट्रेनों की सुरक्षित, सुचारू और कुशल आवाजाही सुनिश्चित करने में रेलकर्मियों के अथक प्रयासों को सराहा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मंडल जैसे व्यस्त रेल मंडल में कुशल परिचालन के लिए प्रभावी समन्वय, निरंतर सतर्कता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय नियंत्रण कार्यालय रेल परिचालन का प्रमुख केंद्र है, जहां से ट्रेनों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही के लिए निरंतर निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाता है।