पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक ने नई रेललाइन सतना – देवेन्द्रनगर रेलखण्ड के बीच विस्तृत निरीक्षण किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सतना निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सतना रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, कैमा मालगोदाम तथा ललितपुर–सिंगरौली नई रेललाइन परियोजना के अंतर्गत सतना–देवेन्द्रनगर रेलखण्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सांसद गणेश सिंह से सौजन्य भेंट

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सांसद द्वारा दिए गए सुझावों का महाप्रबंधक ने गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का निरीक्षण

महाप्रबंधक एवं सांसद ने संयुक्त रूप से सतना रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित अधोसंरचना विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधाओं एवं सुरक्षित आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

कैमा स्टेशन एवं मालगोदाम का निरीक्षण

निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद एवं महाप्रबंधक कैमा रेलवे स्टेशन भी पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं माल यातायात से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके उपरांत कैमा मालगोदाम का निरीक्षण कर माल लदान एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की तथा परिचालन को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सतना–देवेन्द्रनगर रेलखण्ड की तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा

महाप्रबंधक ने ललितपुर–सिंगरौली नई रेललाइन परियोजना के अंतर्गत सतना–देवेन्द्रनगर रेलखण्ड का निरीक्षण करते हुए रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली तथा ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) की तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, जिससे भविष्य में ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रूप से सुनिश्चित हो सके।

गुणवत्ता, सुरक्षा एवं समयबद्धता पर विशेष जोर

निरीक्षण के समापन पर महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने जबलपुर मंडल में संचालित विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा अनुरक्षण प्रणाली की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता, सुरक्षा एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण किया जाए, ताकि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर मुख्यालय से प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मुकेश एवं अन्य मुख्य विभागाध्यक्ष और जबलपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित मुख्यालय एवं जबलपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button