
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेल परिचालन में संरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने रविवार 30 अगस्त, 2026 को नन्दगंज स्टेशन एवं यार्ड का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, संरक्षा एवं परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने नन्दगंज स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, पेयजल एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पर्यवेक्षकों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, एक्सल काउंटर एवं आई.पी.एस. रूम सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों की जांच की। उन्होंने विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट एवं क्रॉसिंग रजिस्टर तथा स्टेशन वर्किंग रूल जैसे महत्वपूर्ण अभिलेखों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से गाड़ियों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन के संबंध में जानकारी लेते हुए संरक्षा नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
गाड़ियों के सुरक्षित परिचालन के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक ने नन्दगंज स्टेशन यार्ड में स्थित पॉइंट एवं क्रॉसिंग संख्या 204B का भी संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक फिटिंग, स्विच रेल, स्टॉक रेल, क्रॉसिंग, चेक रेल, पॉइंट मशीन एवं संबंधित संरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की तथा नियमित निरीक्षण एवं उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने गुड्स शेड एवं मालगोदाम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग व्यवस्था, माल के सुरक्षित रख-रखाव, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा कर्मचारियों एवं संबंधित हितधारकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने माल ढुलाई की प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने तथा कार्य के दौरान संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने नन्दगंज पी.वे. (स्टोर) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टोर में उपलब्ध रेलपथ सामग्री को निर्धारित स्थान पर सुव्यवस्थित रखने, उचित रख-रखाव एवं व्यवस्थित भंडारण तथा परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उपलब्ध सामग्री का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने एवं समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा रेल परिचालन में संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सजगता बरतने तथा किसी भी कमी अथवा तकनीकी खामी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
