
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : बच्चों की लोकप्रिय किताब ‘द कैट इन द हैट’ अब एनिमेटेड फीचर फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स एनिमेशन की इस फिल्म में अभिनेता बिल हैडर मुख्य किरदार ‘द कैट’ को अपनी आवाज देंगे। फिल्म 6 नवंबर 2026 को भारत के सिनेमाघरों में अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में रिलीज होगी। दर्शक इसे 3डी प्रारूप में भी देख सकेंगे।
बचपन की यादों से जुड़ी है कहानी
बिल हैडर ने बताया कि डॉ. स्यूस की यह किताब उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा, “मेरे तीन बच्चे हैं और जब वे बड़े हो रहे थे, तो मैं उन्हें यह किताब पढ़कर सुनाता था। और मुझे भी यह किताब बहुत पसंद आई।”
हैडर के अनुसार, डॉ. स्यूस की किताबें उनके बचपन की यादगार हिस्सा रही हैं। अपने बच्चों के साथ इन कहानियों को साझा करना उनके लिए खास अनुभव रहा। जब उन्होंने अपनी सबसे छोटी बेटी को फिल्म के बारे में बताया, तो उसकी उत्सुकता ने भी उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

शरारत, जादू और रोमांच का संगम
फिल्म में ‘द कैट’ अपने अनोखे, मजेदार और शरारती अंदाज में बच्चों के बीच खुशियां फैलाने निकलता है। इस रोमांचक सफर में जादू, मस्ती और अप्रत्याशित घटनाओं के जरिए दर्शकों को एक नई दुनिया देखने को मिलेगी।
फिल्म का निर्देशन एरिका रिविनोजा और एलेसेंड्रो कार्लोनी ने किया है। इसकी पटकथा रिविनोजा और कार्लोनी ने लिखी है, जबकि कहानी कैरोलीन विलियम्स की स्क्रीन स्टोरी पर आधारित है।

शानदार कलाकारों की टीम
बिल हैडर के अलावा फिल्म में मैट बेरी, क्विंटा ब्रूनसन, जोचिटल गोमेज़, जियानकार्लो एस्पोसिटो, अमेरिका फेरेरा, टाइटस बर्गेस, बोवेन यांग, पाउला पेल और टियागो मार्टिनेज भी अपनी आवाज देंगे।
हैडर ने निर्देशक एरिका रिविनोजा और एलेसेंड्रो कार्लोनी के साथ काम करने को खास अनुभव बताया। वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स फिल्म का वैश्विक वितरण करेगा। यह एनिमेटेड फिल्म बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन का नया अनुभव लेकर आने की तैयारी में है।
