प्रमुख सचिव अजय चौहान ने की समीक्षा; प्रदेश में 92 हजार किमी से अधिक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य

अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और उनके सुदृढ़ीकरण के कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग अजय चौहान ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 24 अक्टूबर तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

61.4 प्रतिशत कार्य पूरा

समीक्षा में सामने आया कि प्रदेश में कुल 92,677.10 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्ति और नवीनीकरण का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष 56,906.43 किलोमीटर सड़कों पर कार्य पूरा हो चुका है, जो कुल लक्ष्य का 61.4 प्रतिशत है।

लोक निर्माण विभाग ने अपने 77,314.63 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 50,885.59 किलोमीटर सड़कों का कार्य पूरा किया है। प्रमुख सचिव ने शेष कार्यों में तेजी लाने और लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए।

धीमी प्रगति वाले विभागों को चेतावनी

बैठक में एनएचएआई के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 96.94 प्रतिशत और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 97.10 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। पीआईयू, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 85.01 प्रतिशत तथा नगर विकास विभाग ने 75.64 प्रतिशत प्रगति दर्ज की।

वहीं, पंचायती राज विभाग की प्रगति 6.10 प्रतिशत, मंडी परिषद की 21.40 प्रतिशत और सिंचाई विभाग की 25.34 प्रतिशत रही। प्रमुख सचिव ने इन विभागों को कार्य में तेजी लाने, मानव संसाधन बढ़ाने और कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता से समझौता नहीं

अजय चौहान ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने वाली एजेंसियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय और जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन सड़कों का भौतिक निरीक्षण करने तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button