
राहुल यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत विकसित नए पोर्टल को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सूचना निदेशक ने पोर्टल को शुरू करने (गो-लाइव) की सहमति प्रदान की।
आवेदन से कार्ड डाउनलोड तक की प्रक्रिया समझाई
स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने बैठक में पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
इस दौरान सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों को पोर्टल के संचालन और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई, ताकि पत्रकारों को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एक सप्ताह में पूरी करनी होगी प्रक्रिया
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ शीघ्र मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कराकर संबंधित दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस संबंध में मुख्यालय को जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने लिया भाग
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस पहल से पात्र पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।