
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 17 सितंबर 2026 को देशव्यापी स्वच्छता अभियान के तहत “स्वच्छ पाठशाला-युवा के लिए स्वच्छता” दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गोरखपुर मुख्यालय से आए प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में डीआरएम सुश्री वीणा सिन्हा और एडीआरएम मनोज कुमार की उपस्थिति में सभी रेल कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी को वर्ष में 100 घंटे (प्रति सप्ताह 2 घंटे) श्रमदान करने का संकल्प दिलाया गया। इस कार्यक्रम में गैर सरकारी संगठनों, यूनियनों और स्काउट्स गाइड्स ने भी सक्रिय भागीदारी की। डीआरएम सुश्री वीणा सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि स्टेशनों, पटरियों और ट्रेनों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी रेलकर्मियों के साथ-साथ आम यात्रियों की भी है।
अभियान के तहत यात्रियों, कर्मचारियों और वेंडरों को उचित अपशिष्ट निस्तारण व प्लास्टिक मुक्त भारत के प्रति जागरूक किया गया। संदेश के प्रसार के लिए परिसरों में “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम वाले पोस्टर लगाए गए। इसके साथ ही पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, काशीपुर, बरेली सिटी और फर्रुखाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक श्रमदान चलाकर गहन सफाई की गई।
