हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्रामोदय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों ने उकेरे राष्ट्रभक्ति के रंग

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के अंतर्गत कुलगुरु प्रो आलोक चौबे के मार्गदर्शन और नेतृत्व में चल रहे राष्ट्रभक्ति को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को ललित कला विभाग के विद्यार्थियों ने तिरंगा एवं राष्ट्रभावना से जुड़े विषयों पर चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने चित्रों में राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम और देश की एकता-अखंडता की भावनाओं को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

कला संकाय के अधिष्ठाता एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. कपिल देव मिश्र ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि कला केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति भावनाओं को व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम भी है। राष्ट्रीय पर्व एवं “हर घर तिरंगा” जैसे अभियान युवाओं को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

ललित कला विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रसन्न पाटकर ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा विषय पर किया गया चित्रांकन उनकी राष्ट्रभावना और सृजनात्मक प्रतिभा का सुंदर समन्वय है। उन्होंने विद्यार्थियों को “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शोध छात्रा मनु वर्मा, बिरसेन कुमार, प्रज्ञा मौर्या तथा बी.एफ.ए. के विद्यार्थी प्रशान्त, आयुष्मान, बंशिका सोनी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विश्वविद्यालय में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के अंतर्गत आगामी दिनों में तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, विद्यार्थियों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी एवं छायाचित्र लेकर वेबसाइट पर अपलोड करने हेतु प्रोत्साहन, प्रश्नोत्तरी, तिरंगा यात्रा, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस एवं श्रद्धांजलि सभा तथा अनुभव सत्र सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता कर राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Back to top button