
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) के हिंदी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित ‘राजभाषा हिंदी उत्सव-2026’ के अंतर्गत ‘पर्यावरण संरक्षण में युवाओं/समाज की भूमिका’ विषय पर विशेष व्याख्यान संपन्न हुआ . यह आयोजन विश्वविद्यालय की ‘सप्त दिवसीय हिन्दी कार्यशाला’ के तहत किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पर्यावरण माइक्रोबायोलॉजी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. राम चंद्रा उपस्थित रहे, जिनका स्वागत आयोजन समिति द्वारा अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया. अपने व्याख्यान में प्रो. राम चंद्रा ने एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की बारीकियों को समझाते हुए वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण के गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों पर प्रकाश डाला.
उन्होंने विशेष रूप से माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि यह मानव स्वास्थ्य, जलीय जीवों और समग्र पर्यावरण के लिए एक अत्यंत गंभीर वैश्विक चुनौती बन चुका है. उन्होंने युवाओं और समाज से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में डॉ. संध्या दीक्षित ने धन्यवाद ज्ञापित किया. इस अवसर पर राजभाषा सहायक निदेशक डॉ. बलजीत कुमार श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे.

