छठ पर्व पर गोरखपुर स्टेशन पर विशेष इंतजाम, 24 घंटे निगरानी के लिए स्थापित हुआ वार रूम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ/ गोरखपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) भुवनेश सिंह ने स्टेशन निदेशक गोरखपुर रतनदीप गुप्ता एवं अन्य अधिकारियों के साथ गोरखपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर लखनऊ स्थित मंडलीय नियंत्रक कक्ष के साथ गोरखपुर स्टेशन पर भी 24 घंटे संचालित वार रूम बनाया गया है। यहां अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, जो यात्रियों की भीड़, ट्रेनों के संचालन और सुविधाओं की रियल टाइम निगरानी कर रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

यात्री आश्रय में मिलेंगी सुविधाएं

गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों की प्रतीक्षा के लिए विशेष यात्री आश्रय बनाया गया है। यहां ट्रेन सूचना डिस्प्ले, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश और स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। होल्डिंग एरिया में 24 घंटे मोबाइल टिकट वितरण इकाइयां संचालित हैं। प्राथमिक चिकित्सा और सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत

स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश-निकास द्वार और फुट ओवरब्रिज पर आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान तैनात हैं। डॉग स्क्वॉड और महिला सुरक्षा टीम भी निगरानी कर रही है। प्लेटफार्म और ट्रेनों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने सीसीटीवी, उद्घोषणा प्रणाली और डिस्प्ले बोर्ड को चालू रखने के निर्देश दिए हैं। पेयजल, सफाई, बिजली और एस्केलेटर की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के साथ अनावश्यक प्लेटफार्म परिवर्तन से बचने को कहा गया है।

रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button