
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल परिचालन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भोगपुर सिरवाल-पठानकोट कैंट रेलखंड के कन्दरोरी-पठानकोट कैंट ब्लॉक सेक्शन में स्थित रेलवे पुल संख्या 232 पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। इससे ट्रेनों के समयपालन में सुधार होने के साथ यात्रियों को अधिक सुगम रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में आई भीषण बाढ़ के कारण पुल की सुरक्षा दीवारों को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद 1 अगस्त 2024 से अप और डाउन दोनों लाइनों पर 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा लागू कर दी गई थी। वर्ष 2025 में दोबारा आई बाढ़ के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से इसे घटाकर ‘स्टॉप डेड’ और 10 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया था। बाद में चरणबद्ध तरीके से गति सीमा बढ़ाकर 20 और फिर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गई। वर्ष 2026 में भी यही प्रतिबंध लागू रहा।
वर्ष 2025 की बाढ़ के बाद सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने पुल के पुनर्स्थापन और संरचनात्मक मजबूती के लिए व्यापक कार्य किए। वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार के नेतृत्व में जालंधर छोर पर पुल के एबटमेंट को स्थायी मजबूती देने के लिए समुद्र तल से 309 मीटर की ऊंचाई तक आरएस वॉल का निर्माण किया गया।
तकनीकी और संरचनात्मक कार्य सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद अब लगभग ढाई से तीन वर्षों में पहली बार गति सीमा बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है।
मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सुधार रेल संरक्षा और परिचालन क्षमता के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इससे ट्रेनों की समयपालन क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक होगा।