
अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक परिदृश्य पर गहन मंथन करने के उद्देश्य से रविवार को राजधानी के जनेश्वर मिश्रा पार्क (गेट नंबर 5, द वेनेशन गार्डन) में ‘छात्र नेताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस अनूठे सम्मेलन में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वर्तमान व पूर्व छात्र संघ अध्यक्षों, पदाधिकारियों तथा चिन्हित छात्र नेताओं ने सामूहिक संवाद किया।
संवाद, भागीदारी और परिवर्तन ही कांग्रेस का संकल्प
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि देश-प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देने में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है, और उन्हें मुख्यधारा की लोकतांत्रिक भागीदारी से जोड़ना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय ने हुंकार भरते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं की लड़ाई उनकी अपनी लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सूबे में कहीं भी छात्रों या युवा नेताओं का उत्पीड़न किया गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर संघर्ष करने के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है।

वरिष्ठ नेताओं और छात्र संघों के दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान उपस्थित रहे। इस सफल संवाद कार्यक्रम का संयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव राजेश सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तरुण पटेल एवं आशीष दीक्षित द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस रणनीतिक सम्मेलन में मुख्य रूप से बीएचयू (BHU) के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष संजय तिवारी, ब्रजेश सिंह गाट, प्रदीप सिंह एडवोकेट, मनोज तिवारी, देवेंद्र सिंह, राम अवध यादव, ओम प्रकाश पाण्डेय, राघवेंद्र सिंह तथा विशाल राजपूत सहित विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों पूर्व पदाधिकारी और छात्र नेता मुस्तैदी से मौजूद रहे।