
अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन जयवीर सिंह के निर्देश एवं सतत मार्गदर्शन में प्रदेश में राज्य ललित कला अकादमी संस्कृति विभाग, उ0प्र0 द्वारा प्रदेश में के नारी शक्ति वंदन विधेयक से प्रेरित “कला नवाचार अभियान” संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के माध्यम से नारी शक्ति वंदन विधेयक के प्रावधानों, उसके महत्व एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति जन-सामान्य में व्यापक जागरूकता फैलाना भी एक प्रमुख उद्देश्य है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न स्थलों पर कला-आधारित कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिनमें वाराणसी के नमो घाट एवं प्रयागराज के संगम क्षेत्र में सैंड आर्ट वर्कशॉप तथा लखनऊ एवं अलीगढ़ में पेंटिंग कैम्प आयोजित किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में अकादमी द्वारा अकादमी परिसर, लाल बारादरी भवन, ललित कला अकादमी, मार्ग कैसरबाग, लखनऊ में नारी स्वावलम्बन पर आधारित महिला चित्रकारों को आमंत्रित कर चित्रकला शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन शुक्रवार 17 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11ः30 बजे मुख्य अतिथि डॉ0 सृष्टि धवन, अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय, उ0प्र0 द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती किरण सिंह राठौर, सदस्य, राज्य ललित कला अकादमी, उ0प्र0 भी उपस्थित रहीं। अकादमी के निदेशक, अमित कुमार अग्निहोत्री द्वारा मुख्य अतिथि, सदस्य एवं कलाकारों का स्वागत किया गया।
यह शिविर शुक्रवार 17 से 19 अप्रैल, 2026 तक चलेगा। इस शिविर में प्रतिभागी महिला कलाकारों में सुश्री पायल सिंह, इमिलिया मज, डॉ0 शगुफ्ता खानम (लखनऊ), श्रीमती मालविका कपूर (लखनऊ), डॉ0 दुर्गेश नन्दिनी शर्मा (गोरखपुर), सुश्री भारती प्रजापति (झांसी), सुश्री मानसी मोर्या (लखनऊ), सुश्री प्रिया वर्मा (लखीमपुर खीरी), सुश्री शिवांगी राज (सीतापुर), सुश्री अंजनी वर्मा (सीतापुर), सुश्री पद्मिनी मेहता (वाराणसी), सुश्री वैश्वी बर्नवाल (वाराणसी), सुश्री आशिता गुप्ता (वाराणसी), सुश्री पायल चक्रवर्ती (प्रयागराज) आदि सम्मिलित हैं।
अकादमी द्वारा इस शिविर में नारी स्वावलम्बन पर आधारित चित्रांकन हेतु 2.5 ग् 3 फीट कैनवास एवं एक्रेलिक रंग उपलब्ध कराये गये हैं। सभी प्रतिभागी कलाकारों द्वारा एक-एक कलाकृति का सृजन किया जायेगा। महिला कलाकारों के आवास, भोजन, यात्रा की व्यवस्था के साथ समुचित मानदेय भी अकादमी द्वारा प्रदान किया जायेगा।
अकादमी के निदेशक अमित कुमार अग्निहोत्री ने अवगत कराया कि शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक अकादमी परिसर, लाल बारादरी भवन, कैसरबाग, लखनऊ में संचालित होगा।