बीबीएयू में प्रो. शिल्पी वर्मा बनीं सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यापीठ की संकायाध्यक्ष

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की आचार्य प्रो. शिल्पी वर्मा को कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के अनुमोदन के उपरांत सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यापीठ का संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही प्रो. शिल्पी वर्मा संकाय की पहली महिला संकायाध्यक्ष बन गई हैं। इस संबंध में नियुक्ति पत्र कुलसचिव डॉ. अश्विनी सिंह द्वारा जारी किया गया तथा उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

प्रो. शिल्पी वर्मा विश्वविद्यालय में अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। वे सदस्य, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट, मुख्य सतर्कता अधिकारी, डिप्टी डायरेक्टर, आईक्यूएसी, डिप्टी प्रॉक्टर, सदस्य, प्लानिंग बोर्ड तथा सदस्य, बिल्डिंग कमेटी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वे डायरेक्टर, आईक्यूएसी तथा अध्यक्ष, बीबीएयू एलुमनी एसोसिएशन के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।

विश्वविद्यालय के बाहर भी प्रो. शिल्पी वर्मा विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे इंडियन एसोसिएशन ऑफ स्पेशल लाइब्रेरीज एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर्स की एग्जीक्यूटिव मेंबर तथा नैक पीयर टीम की अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं।

इस अवसर पर प्रो. शिल्पी वर्मा ने कहा कि वे अपने कार्यकाल में संकाय को नई दिशा और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) तथा ‘विकसित भारत-2047’ की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए नवीन शोध, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने प्रो. शिल्पी वर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button