‘सेवा संकल्प अभियान’ में शिक्षा जगत की जनभागीदारी बढ़ाने की तैयारी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लखनऊ स्थित आवास पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा तथा महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और युवाओं को अभियान से जोड़ने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों और देश में आए बदलावों से लोगों को अवगत कराते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से नागरिकों को जोड़ना है।

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होगा। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग इसके नोडल विभाग होंगे। प्रदेश के सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताएं विद्यालय, ब्लॉक और जिला स्तर तक आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट चित्रों की जिला स्तरीय प्रदर्शनी के बाद राज्य स्तरीय भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

उच्च शिक्षा विभाग भी अभियान में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर संवाद, ड्राइंग, भाषण एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से युवाओं को देश के विकास की यात्रा और राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।

बैठक में कहा गया कि अभियान को विद्यालयों तक सीमित न रखकर अभिभावकों, ग्रामीणों और आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से गतिविधियों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रविष्टियों को राज्य स्तर पर मंच मिलेगा।

अधिकारियों ने विभागीय समन्वय और अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान 12 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा के 25 वर्षों की उपलब्धियों और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Back to top button