
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय द्वारा 11वें दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन 29 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। दीक्षांत समारोह को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पूर्वाभ्यास एवं फुल-ड्रेस रिहर्सल पर विशेष जोर दिया गया है।
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए दिनांक 27 अगस्त 2026 को दो चरणों में पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय चरण दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात दिनांक 28 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक फुल-ड्रेस रिहर्सल आयोजित होगी। पूर्वाभ्यास एवं फुल-ड्रेस रिहर्सल दोनों का आयोजन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम, बीबीएयू में किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों से निर्धारित समय पर पूर्वाभ्यास में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की गई है। पूर्वाभ्यास के दौरान विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह की पूरी प्रक्रिया, उपाधि एवं पुरस्कार वितरण तथा अन्य आवश्यक प्रोटोकॉल से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। फुल-ड्रेस रिहर्सल के माध्यम से विद्यार्थियों को मुख्य समारोह के लिए निर्धारित औपचारिकताओं एवं अनुशासन से भी अवगत कराया जाएगा।
दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विशेष रूप से डी.एससी. एवं पीएच.डी. उपाधि प्राप्तकर्ता, स्वर्ण पदक विजेता एवं आर.डी. सोनकर पुरस्कार प्राप्तकर्ता समारोह के दौरान सभागार में उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 29 अगस्त को मुख्य मंच से उपाधियां एवं पुरस्कार केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रदान किए जाएंगे, जिन्हें मंच पर उपाधि/पुरस्कार प्राप्त करने के लिए विशेष रूप से चयनित/चिह्नित किया गया है। अन्य पात्र पंजीकृत अभ्यर्थियों को 29 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होने वाले दीक्षांत समारोह के द्वितीय चरण में उनके संबंधित विभागों द्वारा उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यार्थियों से 27 अगस्त के पूर्वाभ्यास एवं 28 अगस्त की फुल-ड्रेस रिहर्सल में निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूर्वाभ्यास में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से मुख्य समारोह को व्यवस्थित, गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहायता मिलेगी।