
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार वर्चुअल माध्यम से 19वें रोजगार मेले को संबोधित किया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर में भर्ती हुए नए युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। देशभर में एक साथ 47 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेला, रोजगार सृजन में तेजी लाने और नागरिक-केंद्रित शासन को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। नियुक्त हुए नए उम्मीदवारों ने रेलवे, इसरो, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित प्रमुख मंत्रालयों और विभागों में नियुक्तियाँ प्राप्त की। 19वें रोजगार मेले के तहत हुई नियुक्तियों में से 50 प्रतिशत से अधिक नियुक्तियां भारतीय रेलवे में प्रदान की गई है।
नव नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें और उनके परिवारों को बधाई दी और इस अवसर को हजारों परिवारों के जीवन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त युवा राष्ट्र के विकास पथ में जिम्मेदार और महत्वपूर्ण भागीदार बन रहे हैं और ‘2047 तक विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती वैश्विक स्थिति और भारतीय युवाओं की क्षमताओं तथा देश की तकनीकी प्रगति में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय विश्वास पर प्रकाश डाला। नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे, संयुक्त अरब अमीरात और इटली की अपनी हालिया पांच देशों की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक नेता और बहुराष्ट्रीय निगम भारत के विकास में भागीदार बनने के इच्छुक हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के तत्वाधान में आयोजित रोजगार मेले का आयोजन राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर में किया गया। इन रोज़गार मेलों में नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जयपुर में उपस्थित अश्विनी वैष्णव, रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा भूपेन्द्र यादव, पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जयपुर में 420 उम्मीदवारों को व्यक्तिगत/वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में अश्विनी वैष्णव ने नियुक्ति पाने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई दी एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को नियमित समयानुसार समयसारणी बनाकर नियुक्तियाँ प्रदान की जा रही है ताकि राष्ट्र निर्माण में वह अपना सहयोग देकर 2047 के विकसित भारत में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रेलवे पर 1,60,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया हो रही है। रेलवे में भर्ती प्रक्रिया के बारे में बताते हुए
राजस्थान के लिए रेल विकास के बारे में भी उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में बड़े पैमाने पर रेल परियोजनाएं प्रगति पर है जिसमें स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइनें, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन के कार्य किए जा रहे हैं इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कार्यों के पूरा होने पर आने वाले समय में 200 नई ट्रेनों का संचालन किया जाना संभव हो सकेगा।

इस अवसर पर भूपेन्द्र यादव ने नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी और कहा कि सभी को शुभकामनाएं देता हूं। यह विश्वास करता हूं कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत एक जो बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने हमको जो एक विजन दिया है विकसित भारत का विजन और जो आज नौकरी लगेंगे वह निश्चित रूप से विकसित भारत के साक्षी भी बनने जाएंगे। इसलिए आप अपने जीवन में आगे बढ़े । अपने विश्वास और मूल्यों को लेकर जो आप सर्विस में आए हैं निष्ठा के साथ अपनी सर्विस को अच्छे ढंग से करें। प्रधानमंत्री देश के युवाओं के लिए, उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रयासरत हैं । निश्चित रूप से प्रधानमंत्री जी का संबोधन एक नई ऊर्जा का कार्य करेगा ।
उन्होंने राजस्थान में रेल विकास के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि वर्तमान में अलवर सहित पूरे राजस्थान में रेल विकास कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक अमिताभ ने जयपुर में उपस्थित सभी सम्माननीय अतिथियों का स्वागत किया एवं स्वागत संबोधन में सभी नवनियुक्त अभ्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।
रोज़गार मेले में उपस्थित श्रीमती मंजू शर्मा, सांसद-जयपुर, गोपाल शर्मा, विधायक-सिविल लाइन्स, ने इस अवसर पर सभी नवनियुक्त युवाओं को बधाई दी तथा देश के प्रति सेवा हेतु शुभकामनाएं प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।