बीबीएयू में स्नातक एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ, 30 जुलाई तक करें ऑनलाइन पंजीकरण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा के परिणाम घोषित होने के उपरांत पात्र अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध यूजी प्रवेश प्रॉस्पेक्टस 2026-27 तथा छात्रावास (हॉस्टल) मैनुअल का सावधानीपूर्वक अध्ययन अवश्य करें। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। हालांकि, विलंब शुल्क के साथ अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये का अतिरिक्त विलंब शुल्क देय होगा।

पंजीकरण शुल्क अनारक्षित (यूआर), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है।

प्रवेश से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी संबंधित विभाग, विश्वविद्यालय के टोल-फ्री नंबर 1800-180-5789 अथवा ई-मेल admission@bbau.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button