वाराणसी मंडल में रेल बच्चों के लिए ‘ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता’ का आयोजन; 300 से अधिक बच्चों ने दिखाया हुनर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा रविवार को एक भव्य ‘ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया [20-09-2026]। यह प्रतियोगिता वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले वाराणसी, छपरा, गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज रामबाग एवं सीवान जंक्शन स्टेशनों पर 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की गई।

प्रतियोगिता को आयु के आधार पर तीन अलग-अलग ग्रुपों में बांटा गया था, जिसमें 300 से अधिक बच्चों ने बिना किसी प्रवेश शुल्क के उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन ने लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब में दीप प्रज्ज्वलित कर इस रचनात्मक आयोजन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संगठन की सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष मधुलिका सिंह सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार प्रत्येक ग्रुप में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और दो सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विजेताओं को मंडल स्तर पर भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन पर अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन एवं सदस्याओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागियों को पेंसिल बॉक्स, बिस्किट, चिप्स और जूस उपहार स्वरूप भेंट किए। कार्यक्रम का सफल संचालन हित निरीक्षक श्री अविनाश कुमार द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button