
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन एवं कार्यकारिणी की सदस्याओं ने पूर्वोत्तर रेलवे मंडल चिकित्सालय, वाराणसी का भ्रमण कर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर मंडल महिला कल्याण संगठन की ओर से मंडल चिकित्सालय में भर्ती सभी मरीजों को हॉटकेस वितरित किए गए। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के दिन जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं को संगठन की ओर से विशेष शिशु किट उपहार स्वरूप भेंट की गई। इस पहल का उद्देश्य मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच अपनत्व एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल चिकित्सालय के सेमिनार हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पॉपुलर हॉस्पिटल से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नर्सिंग स्टाफ द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों में उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. आर. सिंह सहित मंडल चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी, मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मंडल महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सेवा, संवेदना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ किया।


